छिंदवाड़ा। इंदौर के बाद अब मुख्यमंत्री कमलनाथ के गृह जिले में भी आंखफोड़वा कांड सामने आया है। छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल में आंखों का ऑपरेशन कराने आए चार लोगों की आंखों की रोशनी चली गई।
दरअसल 25 सितम्बर को छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल में चार लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीजों को अचानक दिखना बंद हो गया। इस पर अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि ये सामान्य प्रक्रिया है, आपकी आंखों की रोशनी वापस आ जाएगी। लेकिन एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी जब मरीजों की आंखों की रोशनी वापस नहीं आई तो उन्होंने फिर से हॉस्पिटल में चेक कराया तब मामले का खुलासा हुआ।
जिला अस्पताल के नेत्र रोग प्रभारी का कहना है कि, शुरुआत में मरीजों के कार्निया में सूजन थी इसलिए देखने में दिक्कत आ रही थी, लेकिन ये सामान प्रक्रिया भी हो सकती है। पूरे मामले के खुलासे के बाद अब जिला अस्पताल प्रशासन सकते में है और मरीजों का भोपाल में इलाज कराने की बात कर रहा है।
