ग्वालियर। शिवराज सरकार में मंत्री और सिंधिया समर्थक इमरती देवी ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्यप्रदेश की राजनीति से दूर करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि कमलनाथ ने अपनी सरकार में सिंधिया समर्थक मंत्रियों को पुतला बनाकर बैठा दिया था।
दरअसल डबरा के ग्रामीण इलाकों में लोगों को संबोधित करते हुए इमरती देवी ने कहा कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ मिलकर ‘महाराज’ को मप्र से भगाना चाहते थे। इसलिए महाराज भाजपा में आए हैं। आगे उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने अपनी सरकार में सिंधिया समर्थक मंत्रियों को पुतला बनाकर बैठा दिया था। उन्हें कोई काम नहीं दिया जा रहा था, लेकिन अब सभी काम होंगे।
गौरतलब है कि इमरती देवी उन 22 विधायकों में शामिल हैं, जो ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। कमलनाथ सरकार में मंत्री रही इमरती देवी को शिवराज सरकार में भी मंत्री पद दिया गया है।
