Xpose Today News
इंदौर के तेजाजी नगर में क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर को खरगोन पुलिस ने आधा दर्जन भाड़े के हत्यारों के साथ धरदबोचा है।डॉक्टर ने खरगोन जिले में बड़वाह के बलवाड़ा में करोड़ों की ज़मीन हड़पने की नियत से छोटे भाई की हत्या की साजिश रची। उसने इंदौर में भाई की हत्या की डील की और हत्या के लिए 10 लाख रुपए की सुपारी दी। इंदौर पासिंग थार गाड़ी से उसे टक्कर मारी जिससे वह दूर गड्ढे में गिरा लेकिन बच गया है। पुलिस ने घटना की तहक़ीक़ात की और घायल के मास्टर माइंड भाई को शूटर्स के साथ धरदबोचा।
खरगोन पुलिस के मुताबिक़ घटना का मास्टर माइंड आरोपी डॉ. दीपक शर्मा इंदौर के तेजाजी नगर में प्रैक्टिस करता है। उसने पुलिस को बताया है कि वह पेरेंट्स द्वारा पुश्तैनी जमीन छोटे भाई को देने से नाराज था। उसका मकसद 19 बीघा जमीन हड़पना था, जिसकी कीमत 6 करोड़ रुपए है।जमीन के नामांतरण के बाद उसे अपने छोटे भाई संदीप शर्मा पर शक हुआ, जिसके चलते उसने हत्या की साजिश रची।इसे अंजाम देने की योजना उसने देवास के तनिष रंधावा से बातचीत के बाद बनाई थी, जो उसके पास इलाज के लिए आया था।उसने इंदौर में भाई की हत्या की डील की और हत्या के लिए 10 लाख रुपए की सुपारी दी।इसके बाद 29 सितंबर को थार से संदीप को कुचलने की कोशिश की गई।”
“29 सितंबर की रात जब डॉ. दीपक का भाई संदीप शर्मा काटकूट स्थित अपनी दुकान से बड़ेल गांव अपने घर लौट रहा था, तभी काले रंग की थार गाड़ी (MP 09 DT 8514) में सवार आरोपियों ने पीछा किया और गुजरातीपुरा मोड़ पर पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।”
“टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संदीप सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। इसके बाद आरोपियों ने हथियार निकालकर उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, संदीप किसी तरह नाले से निकलकर पास के मक्के के खेत में छिपने में सफल रहा।”
25 हज़ार एडवांस दिए
डॉ. दीपक शर्मा ने पुलिस को बताया कि सुपारी के तौर पर उसने 25 हजार रुपए एडवांस पेमेंट किया था। 29 सितंबर को उसके साथियों ने एक थार गाड़ी किराए पर ली। संदीप शर्मा का पीछा किया और उसे जान से मारने का प्रयास किया। इस मामले के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली।”
“मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन एसपी रविन्द्र वर्मा, एएसपी शकुंतला रुहल, एसडीओपी बड़वाह अर्चना रावत, थाना प्रभारी अनिल कुमार बामनिया, चौकी प्रभारी काटकुट अजय झा और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।”
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल थार गाड़ी, एक तलवार, चाकू और सुपारी का एडवांस पेमेंट 17 हजार कैश बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चेतन पंवार, शुभम आर्य, राहुल वर्मा, आदित्य प्रधान, तनिष रंधावा और राहुल राठौड़ शामिल हैं। पुलिस अभी थार गाड़ी के मालिक विकास सिंह निवासी दतेंरा मुरैना की तलाश कर रही है।”
यह हैं डॉक्टर के साथी आरोपी
“चेतन पिता शिवाजीराम पंवार, इंदौर ”
“शुभम पिता गबरू आर्य, इंदौर ”
“राहुल पिता नरेंद्र वर्मा, इंदौर ”
“आदित्य पिता संजय प्रधान, इंदौर ”
“तनिष रंधावा, देवास ”
“राहुल राठौड़, बलवाड़ा “
