Xpose Today
इंदौर। माधव सृष्टि आरोग्य केंद्र में आज पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वर्ण प्राशन संस्कार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे और आयुर्वेदिक परंपरा के अनुसार 75 बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। इस अवसर पर डॉ. राधिका माहेश्वरी ने बच्चों को स्वर्ण प्राशन की औषधि प्रदान की तथा अभिभावकों को इसके महत्व एवं बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। कार्यक्रम में श्री पुरुषोत्तम जी गुप्ता, श्री संदीप जमींदार, श्री कमल सियाल एवं श्रीमती पूनम शिवरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि आयुर्वेद में पुष्य नक्षत्र को स्वर्ण प्राशन के लिए विशेष शुभ माना गया है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। हर माह के पुष्य नक्षत्र पर यह स्वर्ण प्राशन संस्कार आयोजित किया जाएगा।
