शिवपुरी। दशहरे के दिन नंगी तलवारों के साथ घोड़े पर बैठकर जुलूस निकालना थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। सिविल सेवा नियम एवं सेवा की सामान्य शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
दरअसल शिवपुरी जिले के अमोला थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह ने दशहरे के दिन वर्दी छोड़कर सफेद कपड़े और पगड़ी पहनकर शासकीय आवास से घोड़े पर सवार होकर ग्रामीणों के साथ जुलूस निकाला। इस जुलूस में कई ग्रामीण नंगी तलवार लेकर खुलेआम घूम रहे थे। जुलूस में डीजे की तेज आवाज के साथ साथ और भी कई नियमों का उल्लंघन किया गया था।
बताया जाता है कि थाना प्रभारी का यह जुलूस पुलिस थाने से प्रारम्भ होकर दूसरे गांव सिरसौद तक निकाला गया। जुलूस के बाद थाना प्रभारी रिपुदमन ने मौजूद ग्रामीणों को भी सम्बोधित किया था।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कप्तान राजेश सिंह चंदेल ने थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जाता है कि रिपुदमन का यह आचरण सिविल सेवा नियम एवं सेवा की सामान्य शर्तों का उल्लंघन होना पाया गया है।
