कटनी। पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद में गुस्साए पति ने पत्नी की चोटी काट दी। इससे नाराज महिला ने पुलिस थाने में पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति को घरेलू हिंसा की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। जहां अब उसे न्यायालय में पेश किया जायेगा।
मामला कटनी के कुठला थाना के चाका इलाके का है। यहाँ शकीना बेगम अपने पति कमल और दो बच्चियों के साथ रहती थी। दोनों ने साल 2006 में प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ सालों बाद से ही दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर वाद-विवाद होता रहता था। हालाँकि जल्द ही विवाद शांत भी हो जाया करता था।
कमल के मन में शकीना बेगम को लेकर कुछ गलतफहमियां थी जिसे लेकर बीते दिनो दोनों का विवाद हुआ था। विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि पति ने आवेश में आकर महिला की चोटी ही कैची से काट दी।
