बुरहानपुर। बिजली कंपनी ने बिल न चुकाने वाले रसूखदारों, सरकारी कार्यालयों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कंपनी ने ऐसे लोगों के नाम सार्वजानिक कर दिए है जिन्होंने नोटिस और सूचना भेजे जाने के बाद भी अब तक बिल नहीं चुकाया है। बिजली कंपनी इन लोगों के खिलाफ सख्त रवैया अपना रही है। जल्द ही अफसरों की टीम वसूली अभियान के लिए निकलेगी। सख्ती से वसूली की जाएगी। इसके बावजूद राशी नहीं देने पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी।
मामला बुरहानपुर का है। बुरहानपुर के कई रसूखदारों, सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, पंचायतों पर बिजली कंपनी का कुल 37 करोड़ 18 लाख रुपए बकाया हो गया है। इसमें ग्रामीण और शहरी दोनों कनेक्शन शामिल हैं। इन्होने पिछले कुछ सालों में बिजली कंपनी को बिल नहीं चुकाया है। इसमें शहर के नामी-गिरामी लोग भी शामिल है। कंपनी ने इनके नाम सार्वजानिक कर दिए है। बिजली कंपनी ने बकायादारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
इसको लेकर अधीक्षण यंत्री बिजली कंपनी अमित सक्सेना ने कहा कि जिन लोगों ने बिल जमा नहीं किए है उनसे दो लोग लगातार संपर्क कर रहे हैं। शाम को घर-घर जाकर दरवाजा खटखटा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में राशि ज्यादा है। हमने सभी को नोटिस दिए है। जिला प्रशासन को भी हमने नोटिस दे दिए हैं। एक बार बुरहानपुर नगर के एक दो जलप्रदाय और स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काटा था। महापौर, कमिश्नर ने आश्वासन दिया है कि भोपाल से राशि लेकर भुगतान करेंगे। कनेक्शन जोड़ दिए है। शहर और गांवों में मुनादी करवा रहे हैं। लोगों को चेतावनी दे रहे हैं कि जल्द राशि जमा करें नहीं तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे। समझाईश भी दे रहे हैं।
शहरी क्षेत्र में घरेलू कनेक्शनों पर 4 करोड़ 9 लाख रुपए बकाया है। गैर घरेलू कनेक्शनों पर 1 करोड़ 27 लाख रुपए, जलप्रदाय का 60 लाख रुपए, उद्योगों पर 1 करोड़ 64 लाख, कृषि पंपों पर 14 लाख रुपए बकाया है। ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू कनेक्शनों पर 9 करोड़ 85 लाख रुपए बकाया है। गैर घरेलू पर 3 करोड़ 58 लाख, कृषि पर 9 करोड़ 34 लाख, उद्योगों पर 89 लाख, स्ट्रीट लाइट पर 5 करोड़ 44 लाख रुपए बकाया है। इसमें शिक्षा और नगर निगम पर सबसे ज्यादा राशि बकाया है।
