सतना। मध्य प्रदेश के 2012 के सब इन्स्पेक्टरों ने मिलकर एक सराहनीय पहल शुरू की है। बेच के किसी भी सब इन्स्पेक्टर के परिवार को आर्थिक मदद के लिए एक ग्रुप तैयार किया है। हाल ही में अपने एक साथी की एक्सीडेंट में मौत के बाद उनके परिवार को बेच के सवा सौ लोगों ने मिलकर सवा सात लाख रुपए की मदद की। अब तय किया है कि भविष्य में भी अगर किसी को जरुरत पड़ती है तो वह इसी तरह मदद के हाथ बढ़ाएंगे।
दरअसल बीते दिनों सतना में पदस्थ वर्ष 2012 बैच के उपनिरीक्षक डीपी सिंह का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी। वहीँ सरकारी मदद मिलने की रफ़्तार भी सुस्त होती है। ऐसे में 2012 बैच के सब इन्स्पेक्टरों ने निर्णय लिया कि डीपी सिंह के परिवार को तत्काल आर्थिक मदद मुहैया कराई जाए।
इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से सभी सब इन्स्पेक्टरों का एक व्हाट्सएप्प ग्रुप बनाया गया। ग्रुप के माध्यम से सब इन्स्पेक्टरों से अपील की गई कि सभी उक्त एकाउंट में पांच हजार रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से पीड़ित परिवार के लिए जमा करे। सब इन्स्पेक्टरों की यह पहल रंग लाई और पीड़ित परिवार के लिए सवा सात लाख रुपए जमा हुए। इस राशी को चेक के माध्यम से डीपी सिंह की पत्नी सविता सिंह को उनके घर जाकर सौंपा गया।
इस पहल को लेकर सब इन्स्पेक्टर अनिल रघुवंशी ने बताया है कि अगर आगे भी दुखद घटना में हमारे किसी साथी की मौत होती है तो हम सब मिलकर उनके परिवार को तत्काल आर्थिक मदद प्रदान करेंगे। साथ ही अगर कोई बीमार भी होता है तो उसकी भी मदद हमारे द्वारा की जाएगी।
आज के समय मे जब सरकारी आर्थिक सहायता मिलने में काफी समय लग जाता है तब ऐसे में बैच के सहयोगीयों द्वारा किया गया ये कार्य पुलिस विभाग में एक अनुकरणीय पहल और मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।
