भोपाल। सूबे के मुखिया कमलनाथ जल्द ही नए उड़न खटोले में हवाई यात्रा करते नजर आएँगे। गुरुवार को मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट की बैठक में नया हवाई जहाज खरीदने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। प्रदेश सरकार अपना पुराना हवाई जहाज बेचकर नया हवाई जहाज खरीदेगी। सरकार 59 करोड़ में रूपए में सात सीटर हवाई जहाज खरीदेगी।
दरअसल विमानन संचालनालय के इंजीनियरों ने 9 जुलाई को सरकारी प्लेन बी-200 को अतिविशिष्ट व्यक्ति की हवाई यात्रा के लिए असुरक्षित माना था। इंजीनियरों की रिपोर्ट के आधार पर विमानन विभाग ने कमलनाथ के लिए किराए का प्लेन लेने की मंजूरी दे दी थी। 30 सितंबर से कमलनाथ ने सरकारी प्लेन का इस्तेमाल बंद कर दिया। हालाँकि इसके बाद उन्होंने किराए का प्लेन लेने के बजाय खुद के जेट प्लेन में ही यात्राएं की। इस दौरान उन्होंने जितने भी सरकारी दौरे हवाई यात्रा से किए उसका खर्च भी उन्होंने खुद ही उठाया। उनके सबसे ज्यादा दौरे दिल्ली के हुए है।
नया हवाई जहाज खरीदने के अलावा कैबिनेट की बैठक में कई सारे प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। बैठक में वरिष्ठ पत्रकारो को मिलने वाली सम्मान राशि को 7 हजार से बढाकर 10 हजार किया गया। इसके अलावा मंत्री मंडल के सभी सदस्यों ने एक महीने की सैलरी अतिवृष्टी प्रभावितो के सहायता के लिए देने का फैसला किया। मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा विभाग और प्रदेश में लगने वाले 2640 मेगावॉट बिजली प्लांट के लिए कोयले खरीदी के प्रस्ताव को भी कैबिनेट की मंजूरी मिली है।
