विदिशा। विदिशा में महिला के साथ हुए बलात्कार, पति की हत्या और सरकारी तंत्र की अमानवीयता पर विदिशा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के. एस. अहिरवार ने संज्ञान लिया है।
डॉ. अहिरवार ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय करार दिया है। उन्होंने इए मामले की जाँच के आदेश दिए है। डॉ. अहिरवार ने कहा है कि जाँच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने ट्विटर पर लिखा था कि, “पीड़ितों को सरकार से न्याय की आस रहती है। लेकिन जब शासन-प्रशासन ही संवेदनहीन हो जाये तो उससे बुरा कुछ नही होता। मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार में प्रशासन निर्लज्ज हो चुका है। मानवीय संवेदनाएं शून्य हो चुकी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ इस घटना पर तत्काल संज्ञान ले और पीड़िता को न्याय दे।“
मामला विदिशा जिले के आलमपुर गाँव का है। यहाँ रहने वाली महिला का उसके पति के सामने ही बलात्कार किया गया और बाद में आरोपियों ने पति को मार दिया। इस घटना को दो आरोपी युवकों द्वारा अंजाम दिया गया है।
इस क्रूरतम घटना के बाद सरकारी सिस्टम ने अमानवीयता की सारी हदों को पार कर दिया। पुलिस महिला को साथ लेकर पोस्टमार्टम के लिए पति का शव ट्रेक्टर में लादकर दिन भर भटकती रही। हैरानी की बात ये है कि महिला को मेडिकल के लिए यहां से 45 किलोमीटर दूर गंजबसौदा ले जाया गया।
