ग्वालियर। प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जब कॉलोनी के मुख्य नाले में गंदगी देखी तो जिम्मेदारों पर नाराज होने की बजाय खुद सफाई में जुट गए। तोमर हाथों में फावड़ा लेकर 8 फीट गहरे नाले में सफाई के लिए उतर गए। उन्होंने खुद ही नाले में जमा सिल्ट और तमाम गंदगी को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
दरअसल मंत्री प्रद्युम्न सिंह ग्वालियर के बिरला नगर स्थित वार्ड क्रमांक 16 के न्यू कॉलोनी नम्बर 1 व 2 में निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मुख्य नाले में कीचड़, गंदगी और पानी का बहाव रुका हुआ देखा। उन्हें मिली कि नाला चोक होने के कारण गंदा पानी लोगों के घरों में पहुँच रहा था। यह सुन मंत्री अपने चिर परिचित अंदाज में फावड़ा लेकर नाले में उतर गए और सफाई करने लगे। यह देख क्षेत्रीय लोग भी रह गए अचंभित रह गए और मंत्री की सराहना करने लगे।
