छतरपुर। सूबे के मुखिया कमलनाथ की सभा के दौरान विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। विभाग ने बिजली के पुख्ता इंतजाम करने के लिए सड़क के किनारे भीड़-भाड़ वाले इलाके में ही खुले में तारों का जाल बिछा दिया। जैसे ही कमलनाथ की सभा खत्म हुई बाहर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग खंभे और बिजली के तारों से टकराने से बचे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
कमलनाथ छतरपुर में मोनियां महोत्सव में शिरकत करने के लिए बिजावर पहुंचे थे। सूबे के मुखिया की सभा में बिजली के पुख्ता इंतजाम करने के लिए विद्युत विभाग ने सड़क किनारे खुले में ही तारों का जाल बिछा दिया। विभाग ने 11000 KV के खंभे पर ओपन पावर हाउस बना रखा था। ख़ास बात यह है कि यहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी नहीं थे।
जैसे ही कमलनाथ की सभा खत्म हुई जनता का सैलाब बाहर की ओर उमड़ पड़ा। इस दौरान लोग खंबे और बिजली के तारों से टकराने लगे। कई लोग करंट की चपेट में आने से बचे। हालाँकि कुछ लोग तारों के चारों ओर मानव श्रृंखला खड़े रहे और लोगों को पास आने से रोकते रहे।
सुरक्षा में लगे मानव सुरक्षाकर्मियों की मानें तो अगर ये ऐसा नहीं करेंगे तो किसी को भी करंट लग सकता है और 11000 KV की लाईन की चपेट में आने से मौत भी हो सकती है।
