होशंगाबाद। महुए के पेड़ को छूने मात्र से सभी तरह की बीमारियां ठीक होने की अफवाह सोशल मीडिया पर आग की तरह फ़ैल गई। अफवाह को सच मानकर एक लाख से अधिक लोग प्रतिबंधित जंगल पहुँच गए। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुँचने से पुलिस प्रशासन और जंगल विभाग के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। लोगों को नियंत्रित करने के लिए जंगल में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
दरअसल किसी ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई की होशंगाबाद के पिपरिया के नया गाँव इलाके में सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व के अधीन जंगल में महुए का जादुई पेड़ है। इस पेड़ को छूने मात्र से सभी तरह की बीमारियां ठीक हो जाती है। कुछ ही समय में यह अफवाह सोशल मीडिया पर आग की तरह फ़ैल गई।
इस जंगल में लोगों के आने पर प्रतिबन्ध है। बावजूद इसके अफवाह पर भरोसा करके रविवार को करीब एक लाख लोग जंगल में प्रवेश कर गए। इससे पिपरिया शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। आख़िरकार यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए आईजी और एसपी को खुद मोर्चा संभालना पड़ा।
वहीँ जंगल में महुआ के पेड़ के पास लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। खतरनाक जानवरों से भरे जंगल में लोग पैदल, दुपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ पहुँचने लगे। देखते ही देखते जंगल जाने वाले रास्ते पर भी भारी जाम लग गया।
