गुना। प्रदेश में लुटेरी दुल्हन का एक ओर मामला सामने आया है। शादी के तीन दिन बाद ही दुल्हन पूरे परिवार को बेहोश कर फरार हो गई। दुल्हन अपने साथ लाखों रुपए के नकदी-जेवरात भी समेट ले गई। पीड़ित व्यक्ति 40 हजार रुपए देकर बच्चों की देखभाल करने के लिए दुल्हन लेकर आया था।
दरअसल गुना जिले के बीनागंज के वार्ड क्रमांक 14 में रहने वाले श्रवण प्रजापति की पत्नी पांच साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। वह बच्चों की देखभाल करने के लिए तीन दिन पहले किराए पर दुल्हन लाया था। श्रवण ने इसके लिए 40 हजार रुपए देकर महिला से कांट्रेक्ट मैरिज की। तीन दिन तक महिला ने बच्चों का अच्छे से ख्याल रखा और परिवार का विश्वास जीता।
बुधवार-गुरूवार की दरमियानी रात को महिला ने खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर पूरे परिवार को बेहोश कर दिया। इसके बाद महिला घर से लाखों रुपए के नकदी-जेवरात लेकर फरार हो गई। सुबह जब परवर के सदस्यों को होश आया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर से कीमती सामान गायब था और घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था।
पीड़ित परिवार ने मामले की जानकारी डायल-100 को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर के सभी सदस्यों को बाहर निकाला। फिलहाल बेहोशी की दावा खाने के कारण लुटेरी दुल्हन का शिकार हुए परिवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
