होशंगाबाद। महुआ में पेड़ को छूने पहुंचे लोगों को जब पुलिस प्रशासन ने पेड़ के पास नहीं जाने दिया तो उन्होंने पुलिस वालों पर हमला कर दिया। लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें आधा दर्जन पुलिस वाले घायल हो गए। बनखेड़ी टीआई शंकर लाल झरिया के सिर में चोंट आई है। पुलिस कर्मियों को महुआ स्थल से निकाला गया है।
दरअसल प्रशासन ने 2 दिन पहले महुआ स्थल जाने पर रोक लगा दी थी। बुधवार को हजारों लोग महुआ स्थल पर पहुँच गए। पुलिस प्रशासन लोगों को पेड़ के पास जाने नहीं दे रहा था। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस वालों पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में आधा दर्जन पुलिस वाले घायल हो गए। स्टेशन रोड टीआई सतीश अंधवान की सूझबूझ से बड़ी घटना होने से टल गई।
बता दे कि कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर अफवाह फैली थी कि महुए के एक पेड़ को छूने मात्र से सभी तरह की बीमारियां ठीक हो जाती है। अफवाह को सच मानकर एक लाख से अधिक लोग पेड़ को छूने के लिए प्रतिबंधित जंगल में पहुँच गए थे। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुँचने से पुलिस प्रशासन और जंगल विभाग के लिए परेशानी खड़ी हो गई थी। लोगों को नियंत्रित करने के लिए जंगल में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
