इंदौर। अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर शहर का सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से पोस्ट किए थे। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि भड़काऊ पोस्ट उसके ही द्वारा किए गए थे।
दरअसल इंदौर के कनाडिया थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जितेन्द्र चौहान नाम की फेसबुक आईडी से अयोध्या फैसला के संबंध में भड़काऊ पोस्ट किये जा रहे है। इस पर पुलिस ने जितेन्द्र चौहान की फेसबुक आईडी से उसके दोस्तों के बारे में पता किया और उनसे संपर्क किया।
पुलिस ने आरोपी के दोस्तों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी जितेन्द्र चौहान की तलाश में उसके घर ग्राम कनाडिया पर दबिश की। यहाँ पुलिस को पता चला कि आरोपी बिज्र स्टोन कंपनी पीथमपुर में मशीन ऑपरेटर का काम करता है। इस पर पुलिस तुरंत पीथमपुर स्थित कंपनी में पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार करके कनाडिया थाना लेकर आई।
पुलिस पूछताछ में जितेन्द्र ने बताया कि फेसबुक आईडी मेरी है और मैंने ही उससे भड़काऊ पोस्ट किए थे। बता दे कि आरोपी पूर्व में कई राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों के लिये काम कर चुका है।
