मुरैना। पृथ्वीराज चौहान और महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों पर विवादित बयान देने वाले कांग्रेस विधायक बैजनाथ कुशवाहा ने माफ़ी मांगी है। उन्होंने माफीनामा पत्र जारी किया है।
माफीनामा पत्र में सबलगढ़ से कांग्रेस विधायक बैजनाथ कुशवाह ने लिखा है कि, “मेरे द्वारा बाल दिवस के उपलक्ष्य में दिए गए वक्तव्य में बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए सारे महापुरुषों, राजा और महाराजाओं के बारे में बताया गया किन्तु मेरे द्वारा किसी भी व्यक्ति, जाति, धर्म और सम्प्रदाय का अपमान करना मेरा मकसद नहीं था। अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो मैं सभी लोगों से माफ़ी मांगता हूँ।”
दरअसल गुरुवार को बैजनाथ एक निजी स्कूल में बच्चों को नशे की लत से दूर रहने का संदेश दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली का राजा पृथ्वीराज चौहान, महोबा का राजा परिमाल व कन्नौज के राजा जयचंद जो भी बड़े-बड़े राजा हुए हैं। उनके किलों व महलों में आज चमगादड़ उड़ रहे हैं और नाम लेने वाला कोई नहीं बचा है। अपने इस बयान के दौरान वह हाथ से शराब पीने का इशारा कर रहे थे।
