छिंदवाड़ा। प्रदेश में एक बार फिर रेत माफिया द्वारा पुलिस पर हमला करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात को रेत माफिया ने चलते ट्रैक्टर से पुलिस आरक्षक को नीचे फेंक दिया। गनीमत है कि आरक्षक को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
दरअसल पेंच नदी के चांद के पास रमपुरी घाट में बहकर आने वाली रेत का अवैध कारोबार इन दिनों चरम पर है। शुक्रवार देर रात चांद थाना पुलिस को अवैध रेत खनन की मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक सतीशचंद्र, आरक्षक रामकुमार, जितेंद्र बघेल, सूर्योदय को रमपुरी भेजा गया था। टीम ने नदी पर लालगंज निवासी इमरान खान को ट्रैक्टर समेत पकड़ा।
जब्ती के बाद ट्रैक्टर को थाने लाया जा रहा था। इमरान के साथ ट्रैक्टर में आरक्षक रामकुमार भी बैठा था। रास्ते में इमरान ने अचानक आरक्षक रामकुमार को चलते ट्रैक्टर से धक्का मारकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरक्षक को जान से मारने की धमकी देकर इमरान ट्रैक्टर लेकर वहां से फरार हो गया।
बता दे कि चांद थाना क्षेत्र में रेत माफिया द्वारा पुलिस पर यह दूसरा हमला है। इसके पहले भी रेत माफियाओं ने एसआई और पुलिसकर्मियों पर हमला किया था। आरक्षक रामकुमार की शिकायत पर पुलिस ने इमरान खान पर धारा 379, 353, 294, 323, 506, 186 मप्र। गौण खनिज अधिनियम की धारा 53 (1), सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम की धारा 2/4, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 187 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
लालगांव का इमरान खान अवैध रेत का पुराना कारोबारी है। इमरान के अलावा अन्य माफिया रमपुरी घाट से रेत का अवैध उत्खनन कर रहे है। पिछले सप्ताह भी पुलिस ने इमरान का ट्रैक्टर पकड़ा था। इसके अलावा चांद के अन्य क्षेत्रों से भी रेत का खनन किया जा रहा है।
चांद पुलिस पर रेत माफिया इससे पहले भी हमला कर चुके है। एक साल पूर्व रेत का ट्रैक्टर पकड़कर थाना ला रहे तत्कालीन एसआई धर्मेंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मी पर हमला कर जनपद सदस्य और अन्य लोग ट्रैक्टर छुड़ा ले गए थे।
चांद में अवैध रेत का कारोबार चरम पर है। रेत माफिया पेंच नदी पर 24 से अधिक अवैध घाट बना चुके है। जहां से रेत का अवैध खनन किया जा है। सूत्रों के मुताबिक यहां से रोजाना दो सौ से अधिक ट्रैक्टर अवैध रेत निकाली जा रही है। सफेदपोश लोगों के संरक्षण की वजह से रेत का अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है।
