आगर-मालवा। बिजली की कटौती से परेशान किसानों ने आज बिजली कार्यालय का घेराव किया। किसानों ने कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर प्रदर्शन किया। हंगामा देख विभाग के कर्मचारी और अधिकारी कार्यालय पर ताला लगाकर गायब हो गए।
मध्यप्रदेश में बिजली की कटौती को लेकर भाजपा प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर हमलावर है। वहीँ प्रदेश के किसान भी बिजली की कटौती से परेशान है। किसान को खेतों में फसलों को पानी पिलाना है, लेकिन बिजली नहीं आने से किसान फसलों को पानी नहीं दे पा रहा है।
आगर-मालवा जिले के सुसनेर में भी ग्रामीण पिछले कुछ दिनों से लगातार बिजली नही मिलने की शिकायत कर रहे थे। कोई कार्रवाई न होते देख शुक्रवार को ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय का घेराव कर दिया। नाराज ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय का घेराव कर मुख्य गेट बंद कर दिया। हंगामा देख बिजली विभाग के कर्मचारी व अधिकारी कार्यालय से ताला लगाकर गायब हो गए।
मामले की सूचना मिलने पर सुसनेर एसडीएम मनीष जैन व सुसनेर पुलिस मौके पर पहुँचीं और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर बिजली देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा खत्म किया।
