दमोह। नेता ठेकेदारों की धमकियों से प्रताड़ित होकर सीएमएचओ कार्यालय में संविदा पर पदस्थ उपयंत्री रविवार को बंदूक लेकर धरने पर बैठ गया। इस दौरान उपयंत्री ने भगवा कलर की शाल ओढ़ रखी थी। उपयंत्री सुबह करीब 9 बजे धरने पर बैठा। वह दोपहर 12 बजे तक धमकी देने वालों का इंतजार करता रहा, लेकिन जब कोई नहीं पहुंचा तो उन्होंने धरना समाप्त कर दिया।
दरअसल दमोह में स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करने वाले सीएमएचओ कार्यालय में संविदा पर पदस्थ उपयंत्री अभिषेक चतुर्वेदी को कुछ समय से तथाकथित नेता ठेकेदारों द्वारा धमकियाँ दी जा रही थी। इससे गुस्साए अभिषेक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके धमकी देने वाले लोगों को चेतावनी दी कि जिन भी लोगो को उनके साथ कुछ करना है वह 8 दिसम्बर को तहसील ग्राउंड आकर कर सकते हैं। रविवार को वह अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर और भगवा ओढ़कर तहसील ग्राउंड पर पहुंचे और चबूतरे पर बैठकर धरना शुरू कर दिया।
अभिषेक चतुर्वेदी का कहना है कि वह किसी के दबाव में आकर कोई गलत काम नहीं करेंगे। कुछ लोग नियमों के विरुद्ध अपने हिसाब से कार्य कराना चाह रहे हैं। जब मैंने इसके लिए मना किया तो मुझे धमकाने लगे। इसलिए मैंने उन्हें चैलेंज दिया था कि जिसको जो करना है वह तहसील ग्राउंड पर आकर उनसे निपट ले, लेकिन कोई नहीं आया।
