बैतूल। अतिवृष्टि मार झेल चुका बैतूल जिले के एक गाँव का किसान इन दिनों पानी की चोरी से परेशान है। किसानों का आरोप है कि उनके गाँव के जलाशय से पड़ोसी गाँव के किसान पानी चोरी कर रहे हैं। इससे उनकी फसलों को नुकसान हो रहा है। किसानों ने इस सम्बन्ध में कलेक्टर के सामने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। किसानों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई तो उन्हें आंदोलन की राह पकड़ने पर मजबूर होना पड़ेगा।
दरअसल बुधवार को बैतूल जिले के बढ़गी बुजुर्ग गाँव के किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। गाँव के हल्का नंबर 11 में जल संसाधन विभाग द्वारा शासन की मंजूरी के बाद बीते कई वर्ष पूर्व बढ़गी बुजुर्ग जलाशय का निर्माण किया गया था। इस जलाशय से तकरीबन 300 एकड़ से ज्यादा के रकबे में सिचाई की जाती है। पिछले दो-तीन वर्ष से पड़ोसी गाँव के किसान जलाशय में मोटर पाइप लगाकर पानी चोरी कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि उनके गांव में जो जलाशय बना है उस जलाशय से तीन किलोमीटर दूर गांव वाले किसान रोजाना पानी चोरी कर रहे हैं। पानी चोरी होने की वजह से ना तो हमारी फसलों को पर्याप्त पानी मिल पा रहा है और ना ही मवेशियों को मिल पा रहा है। इससे गर्मी के मौसम में हम लोग परेशान होते हैं। हमें दूसरे गांव के कुओं से पीने का पानी लाकर पीना पड़ता है। हमने इस मामले की सूचना शासन-प्रशासन सभी को तीन चार बार सूचना दे चुके है। अगर हमारी मांगों पर कोई कदम नहीं उठाया गया तो हमें मजबूरी में धरना प्रदर्शन करना पड़ेगा।
गाँव के किसान का कहना है कि वर्तमान में जो हमारी गन्ना गेहूं और जो दूसरी फैसले है वो सूखने की कगार पर पहुच चुकी है। दूसरे गांव के किसान हमारे यहां का पानी चोरी कर रहे है। आज कलेक्टर साहब से मुलाकात की है। उन्होंने कार्रवाई की बात कही है। अगर कुछ नहीं होता है तो सभी ग्रामवासी मिलकर जन आंदोलन करेंगे।
वहीँ इस मामले में जब किसान जल संसाधन विभाग के अधिकारी के पास बात करने के लिए गए तो वो गोल मोल बात करते नजर आए। कभी कहते है कि जिन पर कार्यवाही की गई है उनके पंचनामा बनाकर कार्यालय में जमा किये गए है। कभी कहते है कि जब कार्यवाही करने के लिए जाते है तो वहां पर कोई नही रहता सब भाग जाते है। आखिर में उन्होंने किसानों को एक-दो दिन में सटीक कार्यवाही करने का आश्वासन देकर वहां से रवाना कर दिया।
