उज्जैन। उज्जैन में युवाओं ने मिलकर एक ऐसी आर्मी तैयार की है जो रोजाना भूखे पेट सोने वालों को भोजन उपलब्ध करा रही है। यह आर्मी शहर के किसी भी सामाजिक या मांगलिक कार्यक्रम में बचे हुए भोजन को कार्यक्रम स्थल से ले जाकर गरीबों में बांटने का काम करती है। आर्मी के युवक और युवतियों के पास जैसे ही फ़ोन आता है, वह भोजन इकट्ठा करने के लिए निकल पड़ते हैं।
आमतौर पर शादियों या किसी कार्यक्रम में बचे हुए भोजन को फेंक दिया जाता है। लेकिन उज्जैन के युवाओं द्वारा बनाई गई रॉबिन हुड आर्मी पिछले एक साल से उस खाने को इकट्ठा कर गरीबों में बांटने का काम कर रही है। इनके पास जैसे ही मांगलिक कार्यों में बचे हुए खाने की सूचना आती है, आर्मी के कार्यकर्ता खाना इकट्ठा करने पहुँच जाते हैं। खाने को आर्मी के सदस्य गरीब बस्तियों तक पहुंचा देते हैं।
दरअसल करीब एक साल पहले उज्जैन के कुछ युवक-युवतियों ने रॉबिन हुड नामक एक आर्मी बनाई थी। आज इस आर्मी में करीब 50 से अधिक युवक और युवतियां हैं। आर्मी के सदस्यों ने अपने फोन नंबर पूरे शहर में बांट दिए। रॉबिन हुड आर्मी के सदस्य बताते हैं कि इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। यह पूरा कार्य सिर्फ उन गरीब लोगों के लिए है जो भूखे पेट सोते हैं। एक साल पहले जब इस आर्मी को तैयार करने का मन बनाया था उस दौरान सिर्फ 5 लोग साथ में थे। आज करीब 50 से अधिक कार्यकर्ता उनके साथ हैं। कार्यकर्ता शहर भर से बचा हुआ खाना इकट्ठा कर के गरीबों तक पहुंचाने का काम करते हैं।
