इंदौर। साल का आखिरी सूर्य ग्रहण की शुरुआत हो चुकी है। देश के कई हिस्सों में सूर्य ग्रहण का अद्भुत नजारा दिखना शुरू हो चुका है। सूर्य ग्रहण का असर क्रिकेट मैच भी पड़ रहा है। ग्रहण के कारण रणजी मैच निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से शुरू होंगे।
दरअसल इंदौर के होलकर स्टेडियम में मध्य प्रदेश और तमिलनाडु के बीच रणजी ट्राफी एलीट समूह-बी का मैच खेला जा रहा है। मैच के दिन खेल की शुरुआत 9:30 बजे होती है, लेकिन सूर्य ग्रहण होने के कारण खेल की शुरुआत 11:30 बजे करने का फैसला लिया गया है। एमपीसीए सचिव संजीव राव ने कहा कि क्रिकेट इतिहास में संभवतः यह पहला मौका है जब ग्रहण के कारण मैच देरी से शुरू हो रहा है। बता दे कि मुंबई व रेलवे और सौराष्ट्र व उत्तरप्रदेश के बीच होने वाला मैच भी ग्रहण के कारण दो घंटे की देरी से शुरू होगा।
बता दे कि यह सूर्य ग्रहण साल का आखिरी सूर्य ग्रहण है। सुबह 8:04 बजे सूर्य ग्रहण की शुरुआत हुई। भारत में ग्रहण काल 2।52 घंटे का रहेगा। 9:30 बजे मध्य काल और 10:56 बजे ग्रहण खत्म होगा। अगला सूर्य ग्रहण 21, जून 2020 को होगा, ये भारत में दिखाई देगा।
