मंदसौर। ऑपरेशन माफिया के तहत इन दिनों पूरे प्रदेश में लगातार माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मंदसौर पुलिस और प्रशासन ने भी संयुक्त कार्यवाही करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद शफी एवं उसके भाई के अवैध निमार्ण को ध्वस्त किया। ध्वस्त की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ तक होने के संभावना है।
बता दे कि मोहम्मद शफी का अंडरवर्ल्ड के डॉन हाजी मस्तान से पुराना नाता रहा है। मालवा के काला सोना के नाम से प्रसिद्ध अफीम को मायानगरी मुंबई में नशे के लिए अवैध रूप से पहुंचाने में मोहम्मद शफी का हाथ रहा है।
मोहम्मद शफी कम उम्र से ही जुर्म की दुनिया में आकर लूटपाट और अवैध मादक पदार्थ तस्करी के कार्यों में लिप्त हो चुका था। उसे अपने साथियों के साथ मिलकर नीमच मंदसौर अफीम फैक्ट्री में लूट के आरोप में सजा भी हो चुकी है। उसे कई अपराधों में गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन अंडरवर्ल्ड से सम्पर्क होने के कारण सबूत के अभाव में छूट जाता था।
आरोपी मोहम्मद शफी व इसके भाई अय्यूब पर कई मामले दर्ज है। मोहम्मद शफी एनसीसी मुंबई के प्रकरण में लगभग 20 साल से फरार है वहीँ अय्यूब भी राजस्थान पुलिस को चकमा देकर कोर्ट पेशी से लगभग 10 साल से फरार है। उक्त आरोपी के ऊपर धारा 68 एनडीपीएस सफेमा एवं पीट एनडीपीएस एक्ट की कार्यवाही की जा चुकी है।
