रतलाम। रतलाम के घटला ब्रिज पर बीती रात भयानक हादसा हुआ। दो ट्रकों की आमने-सामने भिडंत के बाद एक ट्रक में आग लग गई। इस हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए वहीँ एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया। मृतकों के शव और घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल ले जाया गया।
घटना रात करीब 2 बजे की है। पहला मिर्ची से भरा ट्रक खरगोन से अजमेर की ओर जा रहा था। वहीँ दूसरा ट्रक मार्बल लेकर जावरा से इंदौर की ओर जा रहा था। इस दौरान घटला ब्रिज पर मार्बल से भरा ट्रक अपनी लाइन तोड़कर दूसरे ट्रक से जा टकराया। दोनों ट्रकों की भिड़ंत के बाद मिर्ची से भरे ट्रक में आग लग गयी। इससे ट्रक में सवार तीन लोग जिंदा जल गए जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रतलाम, नामली से फायर दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची। फायर दमकलों ने आग बुझाई। तीनो मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय में रखे गए है। जबकि घायल को इलाज के लिए भर्ती किया गया है। पुलिस के मुताबिक तीनों मृतक खरगोन जिले के है। मृतकों के परिजनों को सूचना कर दी है। परिजन रतलाम के लिए रवाना हो गए है।
