गुना। पशु प्रेम के लिए गुना में मशहूर खान साहब अपनी गाय से इतना प्रेम करते हैं कि गाय को ढूंढने के लिए उन्होंने जी-जान लगा दी है। खान साहब अपने घर से कुछ ही दूर पर स्थित कैंट थाने पहुंच गए और अपने गाय की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई। यहीं नहीं उन्होंने गाय को ढूंढकर लाने वाले को दस हजार रुपए इनाम देने की भी बात कही है।
दरअसल खान साहब के पास ऑस्ट्रेलियन प्रजाति की गाय थी। खान साहब को अपनी गाय से बहुत ही लगाव है। पिछले दिनों कोई उनकी गाय को चुरा कर ले गया। इससे खान साहब बहुत परेशान हो गए। उन्होंने करीब एक दर्जन गांवों में अपनी गाय को ढूंढा, लेकिन गाय नहीं मिली। आखिर थक हारकर उन्होंने गाय गुम होने की शिकायत थाने में दर्ज करवाई।
इसके अलावा खान साहब ने गाय को तलाश कर लाने वालों को दस हज़ार रुपए नकद रुपए देने का इनाम भी घोषित किया है। खान साहब ने पूरे इलाके में इस संबंध में पर्चे भी बंटवाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी लोगों से अपील की है। बता दें कि खान साहब को जानवरों से काफी लगाव है। जिस जगह उनकी गाय बंधती थी और वे उसको लाड़ दुलार करते थे। उस जगह उन्हें खालीपन महसूस हो रहा है।
