देवास। वन विभाग की टीम ने देवास जिले से घायल तेंदुए का रेस्क्यू किया। हालाँकि इंदौर चिड़िया घर लाते समय तेंदुए ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों की टीम ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया है।
दरअसल देवास के हाटपिपलिया क्षेत्र के धानी घाटी में ग्रामीणों ने एक नाले के पास घायल अवस्था में तेंदुआ देखा। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तुरंत वन विभाग को दी। मामले की जानकारी मिलते ही उज्जैन वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तेंदुआ को पकड़ा।
वन विभाग की टीम घायल तेंदुए के इलाज के लिए उसे इंदौर चिड़िया घर लेकर आ रही थी। लेकिन तेंदुए ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद तेंदुए को देवास के वन मंडल डिपो लाया गया। जहाँ उसका पोस्टमार्टम किया गया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ उसी के बराबर किसी जानवर से लड़ाई के दौरान घायल हुआ है।
