इंदौर। इस समय पूरी दुनिया में नए साल का जश्न मनाया जा रहा है। साल के पहले दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान का आशीर्वाद लेने और नया साल अच्छा बीते ऐसी मनोकामना के साथ मंदिरों में माथा टेक रहे हैं। इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में देर रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था।
खजराना गणेश मंदिर में नववर्ष में विश्व की खुशहाली के लिए देर रात 12 बजे विशेष आरती हुई। इस बार आरती को चलायमान रखा गया। यानी आरती जारी रही और श्रद्धालु दर्शन करते हुए आगे बढ़ते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से शांति और खुशहाली की मनोकामना की।
इस बार नए साल पर करीब दो लाख श्रद्धालुओं के खजराना गणेश मंदिर पहुँचने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परिसर में आकर्षक सजावट की गई है। खजराना गणेश मंदिर के अलावा इंदौर के रंजीत हनुमान मंदिर, बड़ा गणपति मंदिर, बिजासन माता मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं।
दूसरी तरह उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भी नए साल पर हुई भस्मारती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। उज्जैन के चिंतामण गणेश मंदिर, हरसिद्धी माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है।
