इंदौर। साल के आखिरी दिन महू के उद्योगपति और पाथ इंडिया के डायरेक्टर पुनीत अग्रवाल और उनके परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। पुनीत अग्रवाल और उनके परिवार के सदस्य अपने फार्म हाउस पर बने टॉवर में लगी कैप्सूल लिफ्ट में उतर रहे थे। इस दौरान लिफ्ट पलट गई और बड़ा हादसा हो गया।
दरअसल पुनीत अपने परिवार के साथ पातालपानी स्थित फार्म हाउस पर 31 दिसम्बर को पार्टी मनाने पहुंचे थे। इस दौरान कैप्सूल लिफ्ट में उतरते समय करीब 70 फीट की ऊंचाई पर पहुँचते ही लिफ्ट पलट गई। इससे सभी लोग नीचे गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में 53 वर्षीय उद्योगपति पुनीत, उनकी 27 वर्षीय बेटी पलक, 28 वर्षीय दामाद पलकेश अग्रवाल, 3 वर्षीय पोता नव, मुंबई में रहने वाले पलकेश के 40 वर्षीय जीजा गौरव और 11 वर्षीय बेटे आर्यवीर की मौत हो गई। गौरव की पत्नी निधि गंभीर हैं।
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार शाम को हुआ। हादसे की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले महू के मेवाड़ा अस्पताल और फिर चोइथराम अस्पताल में रैफर किया गया। जहाँ रात को छह सदस्यों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट को चौकीदार रिमोट से ऑपरेट कर रहा था। रिश्तेदारों के अनुसार पुनीत की बहू गर्भवती है इसलिए वह घर पर ही रुक गई थी।
