होशंगाबाद। वैसे तो इस समय पूरे प्रदेश में सर्दी का सितम छाया हुआ है लेकिन प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में सर्दी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। यहाँ मैदानी इलाकों, खेतों, घरों और घर के बाहर पड़े वाहनों पर बर्फ जमा हो गई है।
शीतलहर के कारण पचमढ़ी का तापमान 1.6 डिग्री पर पहुँच गया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड पचमढ़ी में ही देखी जा रही है। यहाँ शनिवार सुबह मैदानी इलाकों में बर्फ जमी हुई नजर आई। खेतों में फसलों पर जमी ओस की बूंदे भी बर्फ में तब्दील हो गई। यहाँ झील के किनारे बर्फ की चादर बिछ गई है। घरों की छतों और घरों के बाहर रखी गाड़ियों पर भी बर्फ जम गई है। यहीं नहीं घर के बाहर बर्तनों में रखा पानी भी सर्दी के कारण जम गया है।
