भोपाल। छिंदवाड़ा जिले के सौंसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा हटाने को लेकर प्रदेश की सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित तमाम भाजपा नेता इसे छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान बताकर कमलनाथ सरकार पर हमला कर रहे हैं। अब मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा सांसद नकुल नाथ ने शिवराज सिंह को जवाब देते हुए अपने गृह ग्राम शिकारपुर में भोज के लिए आमंत्रित किया है।
नकुल नाथ ने ट्विटर पर लिखा कि, “शिवराज सिंह चौहान जी आपका विकास मॉडल छिंदवाड़ा में स्वागत है, परन्तु आप जिस तरह से छत्रपति शिवाजी महाराज जी के नाम पर राजनैतिक रोटियां सेंकने आ रहे है वह गलत है , छत्रपति शिवाजी महाराज हमारी आस्था के प्रतीक है, आपका उनके नाम को राजनीति के लिए प्रयोग करना उचित नहीं। आप छिंदवाड़ा आ ही रहे है तो आप मेरे ग्रह ग्राम शिकारपुर में कल दोपहर भोजन के लिए भी आमंत्रित है। और भोजन के पश्चात मैं चाहूंगा कि आप एक दफा सम्पूर्ण छिंदवाड़ा के विकास को देखकर अवश्य लौटे।“
बता दे कि इससे पहले नकुल नाथ ने स्वयं के खर्च पर सौंसर के मोहगांव तिराहे पर “छत्रपति शिवाजी महाराज जी” की मूर्ती स्थापित करने की घोषणा भी की थी। इसको लेकर शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार करते हुए कहा था कि, “अब देखिए, श्री नकुल नाथ जी कह रहे है की छत्रपति शिवाजी महाराज का पूतला वो अपने पैसों से बनवाएँगे और लगाएँगे! पहले अपमान करना फिर पैसों की पावर दिखाना ये कांग्रेसी प्रवृति है, प्रकृति है, संस्कृति है।“
गौरतलब है कि सौंसर के मोहगांव तिराहे पर स्थापित की गई छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को नगरपालिका ने 24 घंटे के अंदर ही हटा दिया था। इसको लेकर भाजपा नेताओं ने कमलनाथ सरकार पर निशाना साधा था।
