भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में घमासान लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच बयानबाजी का दौर लगातार जारी है। सिंधिया के सड़क पर उतरने वाले बयान पर कमलनाथ ने तल्ख प्रतिक्रिया दी थी। अब सिंधिया ने कमलनाथ की प्रतिक्रिया पर जवाब देते हुए एक बार फिर अपनी बात दोहराई है।
कमलनाथ के बयान पर सिंधिया ने कहा कि, “मैं जनसेवक हूँ। जनता के मुद्दों को लेकर लड़ाई लड़ना मेरा धर्म बनता है। हमें सब्र रखना है। अभी एक वर्ष हुआ है, लेकिन जिन मुद्दों को हमने अपने घोषणा पत्र में शामिल किया है अगर वें पूरे नहीं होते हैं तो हमें सड़क पर उतरना ही होगा।
गौरतलब है कि सिंधिया ने टीकमगढ़ में अतिथि शिक्षकों द्वारा नियमितीकरण की मांग को लेकर कहा था कि कांग्रेस के वचन पत्र को हर हाल में पूरा किया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो वचन पत्र को पूरा करवाने के लिए हम सड़क पर भी उतरेंगे।
सोनिया गाँधी से मुलाकात के बाद जब कमलनाथ से सिंधिया के सड़क पर उतरने के बयान पर सवाल दागा तो कमलनाथ ने तल्ख प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि, “तो सिंधिया उतर जाए”।
