भोपाल। कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने दावा किया है कि सिंधिया समर्थक विधायक भाजपा में जाने को तैयार नहीं हैं। विधायकों का कहना है कि हम सिंधिया के लिए बेंगलुरु आए थे, लेकिन हम भाजपा में नहीं जाना चाहते हैं।
सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि मैं बेंगलुरु से आ रहा हूँ। वहां मौजूद कांग्रेस का कोई भी विधायक सिंधिया के साथ भाजपा में जाने को तैयार नहीं हैं। विधायकों का कहना है कि हमारी रगों में कांग्रेस का खून है। विधायकों के बेंगलुरु जाने के सवाल पर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि सिंधिया के आदेश पर सभी विधायक बेंगलुरु गए थे, लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया था कि सिंधिया भाजपा में शामिल होने वाले हैं।
