इंदौर। गुरुवार से इंदौर में नियमित टीकाकरण की व्यवस्था शुरू हो गई है। पहले दिन 121 गर्भवती महिलाओं और 412 बच्चों का टीकाकरण किया गया। कलेक्टर मनीष सिंह के आदेश के बाद शहर के 15 स्कूलों में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। शहर का कोई भी व्यक्ति 0731 2567333 नंबर पर कॉल कर अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र के बारे में जानकारी ले सकता है।
कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि कोविड-19 के दौरान बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को टीकारोधी बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण करना आवश्यक सेवाओं में से एक है। टीकाकरण से वंचित लाभार्थियों में टीकारोधी बीमारियों के बढ़ने की आशंका बनी रहती है। ऐसी परिस्थिति में टीकाकरण कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करना नितांत आवश्यक है।
उन्होंने बताया इस कार्य हेतु ड्यूटी रोस्टर के आधार पर लगाई गई एएनएम को सर्वे ड्यूटी से मुक्त किया गया है। टीकाकरण केंद्रों पर आने वाले लाभार्थियों एवं पालकों को भी मास्क लगाना तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य है।
कलेक्टर ने नगर निगम के जोनल अधिकारी को प्रतिदिन संस्थान में साफ सफाई व्यवस्था तथा सैनिटाइजेशन कार्य की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण का कार्य कर रही एएनएम को सत्र प्रारंभ करने से पूर्व कम से कम 20 सेकेंड तक साबुन से अपने हाथ धोना है तथा प्रत्येक लाभार्थी को टीका लगाने से पहले एवं बाद में हाथों को साफ करना है। साथ ही ट्रिपल लेयर सर्जिकल मास्क पहनना भी अनिवार्य है।
