सीहोर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र की बुदनी नगर परिषद के सीएमओ के घर पर दो अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। इससे सीएमओ की कार, एसी, बिस्तर और घर का अन्य सामान जल गया। घर के बाहर लगे सीसीटीवी में दो लोग कार में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते नजर आ रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सीसीटीवी में दो अज्ञात आरोपी सुबह बुदनी नगर परिषद के सीएमओ के घर की रैकी करते नजर आ रहे हैं। दोपहर के समय आरोपी वहां से चले गए, लेकिन रात को 3 बजे वहीँ आरोपी वापस आए और कार में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जिससे सीएमओ की कार और घर का सामान जल गया। रात में सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
इस पूरे मामले में फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर कार्यवाही की बात कही है। वहीं सीएमओ ने बताया कि उनकी ऐसी किसी से कोई बात नही है। हालांकि एक बार पहले भी उनकी खिड़की के पास बदमाशों ने हरकत की थी, जिसकी शिकायत भी पुलिस में की गई थी। मामले में पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
