भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के मामलों में तेजी से इजाफा होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना के 228 नए मरीज सामने आए हैं। साथ ही छह लोगों की महामारी से मौत हुई है। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 7692 हो गई है, वहीँ मरने वालों का आंकड़ा 330 हो गया है। प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस के 4269 लोग स्वस्थ हुए हैं।
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को 43 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें तीन मरीज राजभवन से मिले हैं। इन्हें मिलाकर राजधानी में संक्रमितों की संख्या 1534 हो गई है जबकि 56 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। इस बीच शुक्रवार को 74 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गए हैं। यह राजधानी में एक दिन में ठीक होने वाले सर्वाधिक मरीजों की संख्या है।
इंदौर में शुक्रवार को 87 नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने से संक्रमितों का आंकड़ा 3431 पर पहुँच गया है वहीँ तीन लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 129 हो गया है। इंदौर में इस समय 1527 एक्टिव केस हैं। वहीँ नीमच में शुक्रवार को एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ। यहां 47 नए मामले सामने आने से हड़कम्प मच गया है। इनमें 38 जावद और नौ उम्मेदपुरा गांव के हैं। जावद मुख्यालय पर अभी तक सबसे अधिक संक्रमित केस आए हैं। यहां अब 111 मरीज संक्रमित हो चुके हैं।
उज्जैन के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा रहा। यहां 185 सैंपल की जाँच में महज दो लोगों में ही कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हुई है। उज्जैन में अब तक 660 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 318 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 286 का इलाज किया जा रहा है। 56 मरीज अब तक कोरोना से अपनी जान गवां चुके हैं।
इनके अलावा धार, बुरहानपुर और खंडवा में चार-चार नए मरीज सामने आए हैं। धार जिले में अब तक 124 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं और तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीँ बुरहानपुर में अब तक 298 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं और 15 लोगों की मौत हो गई है। खंडवा में संक्रमितों की संख्या 240 हो गई है।
शुक्रवार को जबलपुर, डिंडोरी, दमोह में तीन-तीन, अनुपपुर, सीधी और पन्ना में दो-दो व नरसिंहपुर में कोरोना का एक नया मामला सामने आया है। ग्वालियर में लगातार दूसरे दिन एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला।
