इंदौर। कोरोना संकट के बीच इस साल इंदौर में पिछले साल के मुकाबले तीन गुना अधिक गेंहू की खरीदी हुई है। पिछले साल जहाँ इंदौर जिले में 8 हजार 742 किसानों से 75003 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी गई थी, वहीँ इस साल अब तक 24 हजार 819 किसानों से 2 लाख 55 हजार 197 मेट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी हैं।
बता दे कि इंदौर जिले में समर्थन मूल्य 1925 रुपए प्रति क्विंटल पर गेंहू की खरीदी की जा रही है। वर्तमान में इंदौर जिले में 82 केन्द्रों पर गेंहू की खरीदी की जा रही है। कोरोना संकट के कारण जिले की मंडिया बंद होने से ज्यादातर पंजीकृत किसान समर्थन मूल्य पर गेहूं का विक्रय उपार्जन केंद्र पर जाकर कर रहे हैं। पिछले साल जिले में 25 हजार 401 किसानों का पंजीयन हुआ, जबकि इस वर्ष गेहूं की उपज अच्छी होने के कारण 32 हजार 582 किसान पंजीकृत हुए है।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एल मुजाल्दा ने बताया है कि इस वर्ष अब तक 24 हजार 819 किसानों से 2 लाख 55 हजार 197 मेट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी है, जो पिछले साल की तुलना में तीन गुना से भी अधिक है। वहीँ पिछले साल 58 उपार्जन केन्द्र स्थापित थे, जिसमें 8 हजार 742 किसानों से 75003 मेट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई थी।
