शिवपुरी। मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपना लाडला भतीजा बताते हुए उनके भाजपा में आने पर ख़ुशी जाहिर की हैं। उन्होंने सिंधिया का कांग्रेस में होना अस्वाभाविक बताया। वहीँ मप्र में होने वाले उपचुनावों को लेकर उमा भारती ने कहा कि कांग्रेस कही भी मैदान में नहीं है।
दरअसल ग्वालियर से भोपाल जाते वक्त उमा भारती कुछ समय शिवपुरी सर्किट हाउस में ठहरी थी। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित पत्रकारों से ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कहा कि मेरा लाडला भतीजा भाजपा में आ गया है। ज्योतिरादित्य को भाजपा में ही होना चाहिए था।
ज्योतिरादित्य का कांग्रेस में होना अस्वाभाविक था क्योंकि उनकी दादी राजमाता सिंधिया जनसंघ से जुड़ी रहीं और भाजपा की फाउंडर मेंबरों में से एक थीं। ऐसे में ज्योतिरादित्य का कांग्रेस में होना ठीक नहीं था अब वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए हैं तो वह अपनी दादी की पार्टी में वापस आ गए हैं।
आगे उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर ज्योतिरादित्य पार्टी में आए हैं और मप्र के कार्यकर्ताओं ने भोपाल में उनका दिल से स्वागत किया और उनके भाजपा में आने से सब खुश हैं। पत्रकारों से चर्चा में उमा भारती ने कहा कि मप्र में आने वाले समय में जो 24 सीटों पर उपचुनाव होना है उसमें कांग्रेस कही भी मैदान में नहीं है। इसके अलावा उमा भारती ने कहा कि मैं 2024 तक चुनाव संगठन में काम करुँगी।
