मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर-नीमच जिले में लॉकडाउन की अफवाह ने गुटखा, बीड़ी और पान मसालों के शौकीनों को बड़ा झटका दे दिया है। एक अफवाह के कारण बाजार से एका-एक गुटखा, बीड़ी और पान मसाला गायब हो गए हैं। जहां होलसेलरों ने तमाम उत्पादों के दाम बड़ा दिए हैं, वहीं विक्रेता भी ग्राहकों से अतिरिक्त पैसे वसूल कर रहे हैं।
दरअसल मध्यप्रदेश के मंदसौर-नीमच जिले में एक नेशनल न्यूज़ चैनल के नाम से फर्जी खबर फैली है कि देश में एक बार फिर से लॉकडाउन लगने वाला है, जबकि न्यूज़ चैनल खुद इसका खंडन कर चुका हैं। इस अफवाह के कारण क्षेत्र में गुटखा, बीड़ी और पान मसाला के दामों में एका-एक इजाफा हो गया है। तमाम होलसेलरों ने या तो माल देने में आनाकानी शुरू कर दी है या फिर बाद में आने की बात कह रहे हैं। वहीं रिटेलर भी ग्राहकों से अतिरिक्त पैसे वसूल कर रहे हैं।
लॉकडाउन की अफवाह के बीच होलसेलरों की गठजोड़ के कारण पान मसाला का 230 रुपए का पैकेट 260 रुपए में बिक रहा है। वहीं 125 रुपए वाला पैकेट 170 रुपए में बिक रहा है। वहीं बीड़ी के दामों में भी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। लॉकडाउन के दौरान 20 रुपए का बंडल 70 रुपए में बिक रहा था। लॉकडाउन खोलने के बाद इसके दाम 25 रुपए पर आकर ठहर गए थे, लेकिन वापस लॉकडाउन होने की खबरों से इसके दामों में फिर उछाल आ गया है।
बता दे कि लॉकडाउन में कई रिटेलरों ने अवैध रूप से ग्राहकों को मनमाने दामों पर गुटखा, बीड़ी और पान मसाला बेचा था, लेकिन लॉकडाउन खुलने के बाद भी वह ओरिजिनल रेट से 2-3 रुपए ज्यादा ही वसूल रहे हैं।
