भोपाल। शुक्रवार को मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 10443 पर पहुँच गई है। इनमें से 7201 मरीज अब तक स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं जबकि 2802 मरीजों का इलाज किया जा रहा हैं।
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को 62 नए मामले सामने आए हैं। इससे यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 2287 हो गई है। जिले में अब तक 1525 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, वहीं 74 लोगों की महामारी से मौत हो गई हैं। शुक्रवार को राजधानी में 2 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
वहीं इंदौर में कोरोना संक्रमण की दर एक बार फिर से तेज हो गई है। शुक्रवार को यहां 57 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 4029 हो गई हैं। यहां 1162 एक्टिव मरीज है। शुक्रवार को दो लोगों की मौत के बाद इंदौर में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 166 पर पहुँच गया है।
उज्जैन में कोरोना के 8 नए मामले सामने आने से यहां संक्रमितों की संख्या 777 हो गई हैं जबकि 66 लोग महामारी से जान गवां चुके हैं। वहीं 618 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। वहीं नीमच में 11 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा रतलाम में एक 32 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यहां अब तक 86 मरीज सामने आ चुके हैं। चार लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी हैं जबकि 38 एक्टिव केस है। शाजापुर में पांच और खंडवा में तीन नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
जबलपुर में कोरोना संक्रमण के 11 नए संक्रमित मामले सामने आए हैं। इससे यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 307 हो गई हैं, वहीं 13 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 69 है। भिंड में दिल्ली से आए तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं ग्वालियर और मुरैना में 2-2 नए मामले सामने आए हैं। दतिया में एक संक्रमित मरीज मिला है।
