भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एडिटेड वीडियो वायरल करने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। भाजपा की शिकायत पर भोपाल क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया है।
दरअसल रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के ट्विटर हैंडल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक एडिटेड वीडियो ट्वीट किया गया। वीडियो के साथ दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि, ‘मदिरालय खोल दिए पर मंदिरों और पूजा स्थलों पर लॉकडाउन। वाह रे मामा “इतना पिलाओ कि पड़े रहें” क्या कहने।’ हालांकि बाद में उन्होंने ट्वीट डिलीट कर दिया।
दिग्विजय सिंह द्वारा एडिटेड वीडियो शेयर करने के बाद पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, विश्वास सारंग, रामेश्वर शर्मा और जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी समेत समेत अन्य नेताओं ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। जिसके बाद दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि, कूट रचना समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
वहीं कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का कहना है कि सरकार को पहले वीडियो की जाँच करनी चाहिए थी कि यह कहाँ से आया। जब ट्विटर से वीडियो हटा दिया तो फिर किस बात की कार्रवाई।
