भोपाल। मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से नाराज बताए जा रहे भाजपा के दिग्गज नेता अजय विश्नोई ने एक बार फिर से अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस से भाजपा में आए प्रद्युम्न सिंह लोधी और निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने पर सवाल उठाए है।
अजय विश्नोई ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘इस हाथ दे-उस हाथ ले, का शानदार उदाहरण प्रस्तुत हुआ है, मप्र की वर्तमान राजनीति में। आज जब सरकार ना तो बनाना थी और न गिराना। फिर यह क्यों किया गया? आप भाजपा को कहां ले जाना चाहते हैं? जनता को बताए ना बताए भाजपा को यह बताना होगा। या फिर हमें संस्कारों का उल्टा पाठ पढ़ाना होगा।‘
बता दे कि रविवार सुबह कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी भाजपा में शामिल हुए और शाम होते-होते उन्हें शिवराज सरकार ने नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष नियुक्त करके कैबिनेट मंत्री का दर्जा दे दिया। यहीं नहीं निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल को भी खनिज निगम का अध्यक्ष बनाते हुए कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है।
अजय विश्नोई का ट्वीट सामने आने के बाद सियासी गलियारों में हड़कम्प मच गया है। उनके इस ट्वीट को मंत्री ना बनाए जाने की उनकी नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। अजय विश्नोई ने इससे पहले मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में हुई देरी को लेकर भी ट्वीट किया था।
