जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में शराब माफियाओं ने पुरानी रंजिश के चलते दो भाइयों की हत्या कर दी है। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पीएम के लिए भेजा। साथ ही हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक झारिया, आकाश झारिया, अजय झारिया और मोहित गुप्ता ने आपसी रंजिश के चलते भूरा उर्फ प्रकाश ठाकुर और रोशन ठाकुर की कुल्हाड़ी, लाठी व पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी है। आरोपियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि ठाकुर एवं झारिया परिवार के सदस्य अवैध शराब के कारोबार में लिप्त हैं। दोनों गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। मंगलवार को प्रकाश ठाकुर और रोशन ठाकुर दोपहर लगभग 2:30 बजे घर से खाना खाकर निकले थे। जब दोनों रात को लगभग 12 बजे तक घर नहीं पहुंचे तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। जिसके बाद पता चला कि आरोपियों ने दोनों को रास्ते में रोककर उनकी हत्या कर दी है।
घटना की जानकारी लगते ही क्षेत्र में जहां मातम छा गया तो वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा है कि एक साथ दोनों भाई इस दुनिया से अलविदा कह चुके हैं।
