Xpose Today
इन्दौर विकास प्राधिकरण संचालक मण्डल की बैठक भास्कर लाक्षाकार, संभागायुक्त सह अध्यक्ष की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में शहर से सबसे व्यस्ततम पूर्वी रिंग रोड पर रेडिसन होटल चौराहा और रोबोट चौराहे पर फ्लाय ओव्हर की मंज़ूरी दी गई। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण निर्णय बोर्ड ने लिए।
प्राधिकरण द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक़
एक महत्वपूर्ण निर्णय में संचालक मण्डल द्वारा पूर्वी रिंग रोड स्थित रेडीसन चौराहा, इन्दौर पर प्रस्तावित फ्लाय ओव्हर निर्माण हेतु राशि रू. 76.59 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति, पूर्वी रिंग रोड स्थित रोबोट चौराहे, इन्दौर पर प्रस्तावित फ्लाय ओव्हर निर्माण हेतु राशि रू. 94.18 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति एवं आगरा-मुम्बई बायपास से प्राधिकारी की टीपीएस-05 को जोडने वाली मास्टर प्लान एम.आर.-09 मार्ग के निर्माण हेतु राशि रू. 6.56 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। इस प्रकार गैर योजनामद के अंतर्गत कुल राशि रू. 177.33 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।
— संचालक मण्डल द्वारा प्राधिकारी को योजना क्रमांक 151-169-बी में टी.सी.एस./इन्फोसिस को दिए गये भूमि के बदले शासन से प्राप्त भूमि जो योजना क्रमांक 172 के समीप स्थित है, को एरोसिटी के रूप में विकसित करने तथा इन्दौर विकास योजना-2021 अनुसार उक्त भूमि से एयरपोर्ट तक 75.00 मीटर चौडा, 1.5 कि.मी. लंबाई मार्ग के निर्माण हेतु राशि रू. 52.61 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। एरोसिटी के निर्माण से एयरपोर्ट के पास ही होटल आदि की गतिविधियों का विस्तार हो सकेगा।
— संचालक मण्डल द्वारा योजना क्रमांक 172 के विकास कार्य हेतु राशि रू. 240.93 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। यह योजना एयरपोर्ट रोड़ पर है। योजना के विकास से शहर के समीपस्थ क्षेत्र में विकास का विस्तार हो सकेगा।
— एक अन्य निर्णय में संचालक मण्डल द्वारा योजना क्रमांक 54 अंतर्गत मेघदूत उपवन से लगी प्राधिकरण स्वामित्व की लगभग 3.83 हेक्टेयर भूमि के समग्र विकास एवं कंसल्टेंट की नियुक्ति नियुक्ति करने हेतु एवं राशि रू. 15.00 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।
— एक अन्य निर्णय में संचालक मण्डल द्वारा योजना क्रमांक 97 भाग-2 का विकास कार्य हेतु निविदा राशि रू. 33,95,98,498/- की न्यूनतम निविदादाता की निविदा स्वीकृत की गई।
— संचालक मण्डल द्वारा प्राधिकारी की योजना क्रमांक 103 में बहुमंजिला भवन ‘‘पलाश‘‘ में निर्मित 31 आवासीय प्रकोष्ठों के व्ययन हेतु, योजना क्रमांक 114-प्रथम (राजीव आवास विहार) में आवासीय उपयोग के 09 प्रकोष्ठ के व्ययन हेतु, योजना क्रमांक 135 में 106 आवासीय उपयोग के भूखण्डों हेतु एवं प्राधिकारी की योजना क्र. 59 पार्ट-2 में व्यवसायिक उपयोग के 21 एवं आवासीय उपयोग के 01 भूखण्ड को भू-स्वामी अधिकार पर व्ययन करने हेतु, योजना क्रमांक 136 में आवासीय उपयोग के 151 भूखण्डों के व्ययन हेतु, योजना क्रमांक 71 सेक्टर-ए में व्यवसायिक उपयोग के 05, औद्योगिक उपयोग के 04 एवं शॉपिंग उपयोग के 03 भूखण्डों के व्ययन हेतु एवं योजना क्रमांक 54 में चिकित्सालय उपयोग के भूखण्ड के व्ययन हेतु दर निर्धारण किया गया। इससे उक्त योजनाओं में सम्पत्ति के व्ययन हेतु निविदा आमंत्रित की जा सकेगी।
— संचालक मण्डल द्वारा प्राधिकारी की योजना क्रमांक 97 के दीर्घकालीन क्रियान्वयन के दौरान विभिन्न कारणों से योजना से पृथक/भूमि अर्जन की कार्यवाही से बाहर हुई भूमियों की वर्तमान स्थिति के निर्धारण, कृषि उपयोग की भूमियों के संबंध में अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने तथा योजना के आवश्यक उपांतरण हेतु म.प्र. नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 52(1)(ख) के अंतर्गत राज्य शासन को प्रस्ताव प्रेषित किये जाने का निर्णय लिया गया।
— संचालक मण्डल द्वारा श्री अहिल्योत्सव समिति को अहिल्योत्सव वर्ष 2026 के आयोजन हेतु अनुदान राशि रुपये 8.00 लाख के भुगतान की स्वीकृति प्रदान की गई एवं बंद कपडा मिलों की पॉच गणेशोत्सव समितियों को गणेश विसर्जन चल समारोह में निकलने वाली झाँकियों के निर्माण हेतु सहयोग राशि रू. 3.00 लाख प्रत्येक को दिये जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में श्री शिवम वर्मा, कलेक्टर, जिला इन्दौर, श्री क्षितिज सिंघल, आयुक्त, नगर पालिक निगम, श्री योगेन्द्र कुमार, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, इन्दौर, श्री राजेशचन्द्र जैन, मुख्य अभियंता, म.प्र.प.क्षे.वि.वि.कं., श्री शुभाशीष बेनर्जी, संयुक्त संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश विभाग, श्री सुनील कुमार उदिया, अधीक्षण यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, एवं डॉ. परिक्षित झाडे़, मुख्य कार्यपालिक अधिकारी, इ.वि.प्रा. (सदस्य सचिव) उपस्थित थे।
