जबलपुर। सेना के जवान ने सीढ़ी पर खड़े होकर विपरीत दिशा में चार घंटे से ज्यादा मोटरसाइकिल चलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। जवान ने मोटरसाइकिल पर 11 फुट की सीढ़ी पर खड़े होकर विपरीत दिशा में 4 घंटे 29 मिनिट 45 सेकेंड तक बाइक चलाई। इससे पहले यह रिकॉर्ड बीएसएफ जवान के नाम पर दर्ज था।
दरअसल सेना की डेयर डेविल्स की टीम बाइक पर अपने हैरत अंगेज करतबों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। शुक्रवार को जबलपुर के कोबरा ग्राउंड में डेयर डेविल्स के हवलदार संग्राम केसरी जैना ने सीढ़ी पर खड़े होकर विपरीत दिशा में बिना राइडर के बाइक की सवारी की। 4 घंटे 29 मिनिट 45 सेकेंड में उन्होंने 126 किलोमीटर का सफ़र तय किया। इस हैरतअंगेज प्रदर्शन को देखने के लिए हज़ारों की संख्या में लोग जबलपुर के कोबरा ग्राउंड पहुंचे थे।
केसरी जैना ने रिकॉर्ड बनाते समय मैदान का 320 बार चक्कर लगाया। मोटर सायकिल पर उल्टी दिशा में मोटर सायकिल चलाने का रिकार्ड अक्टूबर 2018 सीमा सुरक्षा बल के अवधेश कुमार के नाम दर्ज था। अवधेश कुमार ने यह उपलब्धि 2 घंटे 18 मिनिट तक बाइक चलाकर अपने नाम दर्ज की थी। केसरी जैना ने जैसे ही विश्व रिकॉर्ड बनाया ग्राउंड में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
केसरी जैना अपनी इस उपलब्धि से बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने इसका श्रेय अपनी टीम और परिवार को देते हुए कहा कि भारतीय सेना का हिस्सा बनना और विश्व रिकार्ड अपने नाम दर्ज करना उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
