नरसिंहपुर। फिल्मी दुनिया के मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा ने बॉलीवुड की चकाचौंध भरी दुनिया से दूर अपने पैतृक घर में सादगी से अपना जन्मदिन मनाया। इस मौके पर प्रदेश के पूर्व मंत्री संजय पाठक और उनके अन्य साथी भी मौजूद रहे।
दरअसल अपने जन्मदिन के मौके पर आशुतोष राणा नरसिंहपुर के गाडरवारा में अपने पैतृक घर पहुंचे थे। यहाँ उन्होंने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अयोध्या मामले में फैसला अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम तो सभी के चित और चिंतन दोनों में है। कोर्ट का फैसला बहुत अद्भुत है।
इसके अलावा उन्होंने गाडरवारा में जन्म लेने पर खुद को गौरवान्वित बताया। उन्होंने मीडिया के साथ अपने बचपन की यादें साझा की। बता दे कि गाडरवारा आशुतोष राणा का जन्म स्थान है। यहीं उन्होंने प्राइमरी और हाई स्कूल तक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने सागर यूनिवर्सिटी में कॉलेज की पढ़ाई की।
आशुतोष की बचपन से ही अभिनय में रूचि थी। यहां होने वाली रामलीला से उन्होंने अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद गुरु देवप्रभाकर शास्त्री के मार्गदर्शन में दिल्ली जाकर अभिनय की पढ़ाई की और फिर मुंबई में अपनी जगह बनाई। आशुतोष अब तक कई फिल्मों और सीरियलों में काम कर चुके हैं।
