भोपाल। कल देर रात हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में नहीं पहुंचे भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने वीडियो जारी किया है। वीडियो में नारायण त्रिपाठी ने कांग्रेस में जाने की ख़बरों को नकारते हुए कहा कि मैं भाजपा में था, भाजपा में हूँ और भाजपा में रहूँगा।
वीडियो में मैहर से विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा कि, ‘8 मार्च 2020 को मेरी माता जी का निधन होने के कारण, मैं विधायक दल की बैठक में नहीं आ सका। मैंने इस बारे में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव को सूचित कर दिया था। मैंने इस्तीफा नहीं दिया है। मैं भाजपा में था, भाजपा में हूँ और भाजपा में रहूँगा।’
गौरतलब है कि नारायण त्रिपाठी कई बार भाजपा से बगावती तेवर दिखाते दिखा चुके हैं। पांच दिन पहले कांग्रेस विधायकों के गायब होने के बाद वह देर रात को कमलनाथ से मिलने उनके आवास गए थे। वहीँ इससे पहले भी वह कई बार भाजपा की बैठकों में शामिल नहीं हुए थे।
