सतना। प्रदेश भाजपा के विधायक रामखेलावन पटेल इन दिनों ‘पार्ट टाइम अनशन’ कर रहे हैं। विधायक जी का पार्ट टाइम अनशन राम नगर परिषद के सीएमओ के उस आदेश के खिलाफ किया जा रहा है, जिसमें उन्होंने आवश्यकता न होने पर 51 मस्टर कर्मचारियों को निकाल दिया। इन्ही कर्मचारियों में से कुछ विधायक जी के घर नौकर और वाहन ड्राइवर काम करते थे। ऐसे में इन्हें अपनी जेब से तनख्वाह देने के डर से ‘पार्ट टाइम अनशन’ शुरू किया है।
सतना जिले के अमरपाटन से भाजपा विधायक रामखेलावन पटेल नगर परिषद के पास तंबू गाड़कर पार्ट टाइम अनशन पर बैठ गये है। पार्ट टाइम अनशन की बात हम नहीं बल्कि खुद विधायक जी कह रहे हैं। दरअसल बीते दिनों 51 मस्टर कर्मचारियों को बर्खास्त किए जाने के खिलाफ बीते दिन सुबह विधायक जी ने धारा 144 को दरकिनार करते हुए धरना शुरू कर दिया। सुबह धरने पर बैठे विधायक की हिम्मत शाम होते-होते जवाब दे गई। उन्होंने बयान जारी किया कि हम जरूरत पड़ने पर अब से अनशन पर मौजूद होंगे। यहाँ समय समय पर अन्य विधायक सांसद आते रहेंगे।
बता दे कि रामनगर परिषद सीएमओ ने आवश्यकता न होने पर 51 मस्टर कर्मचारियों को निकाल दिया है। आरोप है कि इनमे से कुछ मस्टरकर्मी विधायक के घर का काम और वाहन ड्राइवर का काम करते थे। वहीँ विधायक जी के रिश्तेदार और जेल में बंद नगर परिषद अध्यक्ष रामसुशील पटेल के घर भी कुछ मस्टरकर्मी काम करते थे। काम निजी और वेतन सरकारी का खुला खेल चल था। अब इन कर्मचारियों के बर्खास्त होने से इन्हें तनख्वाह विधायक जी को अपनी जेब से देना पड़ेगी। बस इसी डर से विधायक जी धारा 144 को दरकिनार करते हुए धरने पर बैठ गए। वहीँ विधायक जी के धरने पर कांग्रेस ने चुटकी लेते हुए कहा कि विधायक जी को जातिवाद से ऊपर उठकर आम लोगों के लिये काम करना चाहिए।
