भिंड। भिंड शहर के भवानीपुरा सरोज नगर में स्थित दो मंजिला मकान में उस वक़्त हड़कंप मच गया जब एक आवारा सांड मकान की दूसरी मंजिल पर पहुँच गया। परिवार के सदस्य सांड को दूसरी मंजिल पर देख हैरान परेशान हो गए। आख़िरकार स्थानीय लोगों की मदद से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांड को रस्सियों के सहारे नीचे उतारा गया।
दरअसल परिवार के सदस्यों ने गलती से सीढ़ियों का दरवाजा खुला छोड़ दिया था। दरवाजा खुला देख सांड घर के अंदर घुस गया और सीढ़ियों से होते हुए दूसरी मंजिल पर जा पहुंचा। जब घर के सदस्य किसी काम से दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो वहां सांड को देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिजनों ने तुरंत ही इसकी सूचना नगर पालिका और वन विभाग को दी, लेकिन दोनों ने इस मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने हिम्मत कर रस्सियों के सहारे 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांड को नीचे उतारा।
सांड को दूसरी मंजिल पर देखकर हर कोई हैरान रह गया कि सांड वहां तक कैसे पहुंचा। हालाँकि लोगों का कहना है कि सांड जैसे ही सीढ़ियों पर चढ़ा उसे पीछे मुड़ने का मौका ही नहीं मिला होगा। इसलिए वह सीधे दूसरी मंजिल पर जा पहुंचा। सकरी सीढ़ियों से एक बार तो सांड चढ़ गया लेकिन फिर वह उन सीढ़ियों से वापस नहीं उतरा। ऐसे में उसे रस्सियों के सहारे नीचे उतारना पड़ा। सांड के नीचे उतरने के बाद घरवालों ने चैन की सांस ली।
