इंदौर। कॉलेज की प्रताड़नाओं से तंग आकर छात्र द्वारा जहर खाने के मामले में उच्च शिक्षा विभाग की कमेटी ने जांच पूरी कर ली है। जाँच में कमेटी ने कॉलेज प्रबंधन को दोषी पाया है।
कमेटी ने अपनी जाँच में कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्र को दी गई धमकी को सही पाया। जाँच में सामने आया है कि कॉलेज प्रबंधन ने फैकल्टी की नियुक्ति, मान्यता, संबद्धता को लेकर कई जानकारी छिपाई थी। छात्रों को लगातार अगली परीक्षा और पिछले रिजल्ट को लेकर गलत जानकारी दी जा रही थी।
दरअसल इंदौर के टैगोर कालेज के छात्र अजय मिश्रा ने कॉलेज की प्रताड़नाओं से तंग आकर जहर खा लिया था। छात्र ने जहर खाने का वीडियो भी बनाया था। वीडियो में छात्र में कहा था कि, कॉलेज द्वारा पहले और दूसरे सेमेस्टर के एक्जाम करवाए जा चुके हैं, लेकिन अब तक रिजल्ट नहीं दिया गया। कॉलेज में चार माह से पढ़ाई नहीं हो रही थी। कॉलेज में पढ़ाने के लिए टीचर ही नहीं है। जब मैंने आवाज उठाई तो कॉलेज प्रबंधक अजय पारीक ने मुझे मारा और झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की बात कही थी। वीडियो सामने आने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने मामले की जाँच के लिए कमेटी बनाई थी।
